मिल्की हत्याकांड पर माले विधायक अरुण कुमार ने फेसबुक पोस्ट से उठाए सवाल
काराकाट। मिल्की हत्याकांड को लेकर काराकाट से भाकपा (माले) विधायक अरुण कुमार ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना को केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज की संवेदनशीलता और सामाजिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना बताया।
विधायक ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। कानून अपने हाथ में लेकर किसी की जान लेने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि मजदूर हो या किसान, गरीब हो या अमीर तथा किसी भी जाति, धर्म या समुदाय से संबंधित व्यक्ति हो, हर इंसान के जीवन और सम्मान की समान कीमत है।
अरुण कुमार ने घटना को जाति या समुदाय के चश्मे से देखने के बजाय मानवीय दृष्टिकोण से देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसकी पहचान या सामाजिक स्थिति कुछ भी हो, निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा और आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि मजबूत समाज वही है, जहां कमजोर की आवाज दबाई नहीं जाती। उन्होंने समाज में नफरत के बजाय न्याय, भय के बजाय सुरक्षा और हिंसा के बजाय कानून के राज की आवश्यकता पर जोर दिया। कॉ अरुण सिंह विधायक काराकाट