मरीजों की जान से खिलवाड़! काशीपुरी अस्पताल में छत की पट्टी टूटी, बाल-बाल बचे मरीज
पर्ची काउंटर के ऊपर गिरी पट्टी, जहां रोज लगती है लंबी कतार; गेंगट ने विधायक से मांगी तत्काल मरम्मत
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) काशीपुरी के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने आ रहे मरीजों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। जर्जर भवन की छत की पट्टी टूटकर पर्ची काउंटर के ऊपर गिर गई। नीचे मरीजों के खड़े रहने वाली पट्टी भी टूट गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई इसकी चपेट में नहीं आया।
यहां रोज सैकड़ों मरीज आते हैं। पर्ची काउंटर पर महिलाओं और बच्चों की भी लंबी कतारें लगती हैं। ऐसे में भवन की जर्जर हालत कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
समाजसेवक छीतर मल गेंगट ने विधायक अशोक कुमार कोठारी और प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल मरम्मत करवाकर मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीबों के इस अस्पताल में लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए प्रशासन समय रहते कार्रवाई करे।