
इंदौर नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, आय से 216% अधिक संपत्ति का दावा
इंदौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को इंदौर नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई की। लोकायुक्त के मुताबिक, अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत और सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के करीब 31 वर्ष के सेवाकाल में अनुमानित 80 लाख रुपए की वैध आय हुई। जांच में उनकी पत्नी और परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्तियों, वाहनों और अन्य खर्चों को मिलाकर करीब 2.53 करोड़ रुपए का व्यय सामने आया है।
दो भवनों पर करोड़ों का खर्च
जांच के दौरान लोकायुक्त टीम को पाण्डेय की पत्नी भावना पाण्डेय के नाम पर आनंद नगर एक्सटेंशन, नवलखा-चितावद स्थित 40×50 के प्लॉट पर बने G+3 भवन की जानकारी मिली है। लोकायुक्त के अनुसार, इसके निर्माण पर करीब 1.20 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
इसी तरह गजाधर नगर, चितावद स्थित गुलमोहर का बगीचा क्षेत्र में प्लॉट नंबर 32 पर G+2 भवन बनाकर छात्रावास संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस भवन पर करीब 91.50 लाख रुपए खर्च होना बताया गया है।
इसके अलावा पत्नी, पुत्र और पुत्री के नाम पर चार पहिया एवं दो पहिया वाहन खरीदने तथा अन्य खर्चों में करीब 14 लाख रुपए खर्च होना पाया गया है।
आय से 1.73 करोड़ ज्यादा खर्च का दावा
लोकायुक्त के मुताबिक, अनुमानित 80 लाख रुपए की वैध आय की तुलना में करीब 2.53 करोड़ रुपए का खर्च सामने आया है। यानी करीब 1.73 करोड़ रुपए अधिक, जो वैध आय की तुलना में 216.35 प्रतिशत अनुपातहीन बताया गया है।
मामले में जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
दो ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
लोकायुक्त की टीम इंदौर स्थित आरोपी के दो ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई कर रही है। डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की जांच कर रही है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार सर्चिंग अभी जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच के आधार पर अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।