सफाई के बाद भी खुले में कचरा फेंकने से रहवासी परेशान, कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग
देवास। शहर के रहवासी क्षेत्र राधागंज में खुले स्थान एवं सड़क किनारे लगातार कचरा फेंके जाने से स्थानीय नागरिकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों के अनुसार नगर निगम के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करते हैं, लेकिन सफाई के बाद भी कुछ लोग खुले में बड़ी मात्रा में गीला एवं अन्य कचरा फेंक देते हैं। कचरा फेंकने वालों को जब रहवासियों एवं सफाई कर्मचारियों द्वारा जब टोका जाता है तो वे विवाद करते है, एवं कचरा रोड पर फेंक जाते है।
कचरे के ढेर को आवारा पशु इधर-उधर फैला देते हैं, जिससे आसपास गंदगी, दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण उत्पन्न हो जाता है। बारिश के कारण खुले मैदान में कीचड़ होने से स्थिति और गंभीर हो गई है तथा अब सड़क किनारे भी कचरा फेंका जाने लगा है।
रहवासियों का कहना है कि लगातार जमा होने वाले कचरे से दुर्गंध, मच्छरों एवं अन्य कीटों की समस्या बढ़ रही है तथा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। घरों के सामने इस प्रकार की गंदगी के कारण रहना भी कठिन होता जा रहा है।
विगत दिनों इस समस्या को लेकर रहवासियों ने कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। आवेदन में खुले में कचरा फेंकने वालों पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने, जनजागरण कराने तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है।
रहवासियों ने प्रशासन से अपेक्षा की है कि जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छ पर्यावरण के हित में इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा तथा खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी।