
आसींद पुलिस पर हिरासत में यातना देने का आरोप, युवक ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
रिश्वत नहीं देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने और लॉकअप में बेरहमी से मारपीट का आरोप, जांच की मांग
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) आसींद थाना पुलिस पर एक युवक को अवैध रूप से हिरासत में रखकर कथित रूप से अमानवीय व्यवहार और बेरहमी से मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित जेठू लाल गुर्जर ने जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, इंद्रपुरा-बोरेला निवासी जेठू लाल गुर्जर ने आरोप लगाया कि 19 जून को आसींद थाने के एक कांस्टेबल ने ट्रैक्टर संचालन के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी। रकम देने से इनकार करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि उसी शाम पुलिसकर्मी उसे बाजून्दा श्मशान घाट के पास से जबरन उठाकर थाने ले गए, जहां लॉकअप में बंद कर रातभर मारपीट की गई। शिकायत में बेल्ट, पाइप और डंडों से पिटाई, खंभे से बांधकर प्रताड़ित करने तथा अमानवीय व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जेठू लाल ने दावा किया कि पुलिस की कथित मारपीट से उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं तथा फ्रैक्चर हो गया, जिसका उपचार कराया गया है। पीड़ित ने एसपी को दिए परिवाद में तत्काल मेडिकल जांच करवाने, आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी कार्यालय पहुंचे ज्ञापन के दौरान राम सिंह, हरलाल गुर्जर, गोपाल गुर्जर सहित समाज के कई लोग भी मौजूद रहे। मामले को लेकर अब पुलिस प्रशासन की ओर से जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।