
मुख्यमंत्री शर्मा के बयान के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़।राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनप्रिय नेता अशोक गहलोत के खिलाफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा दिए गए अनर्गल एवं आपत्तिजनक बयानों के विरोध में शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट चौराहा, चित्तौड़गढ़ पर पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
यह प्रदर्शन शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल सोनी एवं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम जाट की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि अशोक गहलोत जैसे वरिष्ठ एवं जनप्रिय नेता जो तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे हो, तीन बार केंद्रीय मंत्री रहे हो जिसे राजस्थान की जनता जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए याद करती हो उनके खिलाफ मुख्यमंत्री द्वारा इस प्रकार की अनर्गल एवं आपत्तिजनक बयानबाजी लोकतांत्रिक राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता और आक्रोश को प्रदर्शित किया।