
वार्ड नंबर 4 में इंडोर स्पोर्ट्स क्लब व सौंदर्यीकरण को मिलेगी नई दिशा
सोलन, 20 अगस्त। नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 4 को खेल, मनोरंजन और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में नई सुविधाएं मिलने जा रही हैं। वार्ड नंबर 4 के पार्षद रोहित भारद्वाज ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के पीडी से मुलाकात कर वार्ड की विभिन्न आवश्यकताओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में वार्ड नंबर 4 में इंडोर स्पोर्ट्स क्लब विकसित करने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। इस क्लब में टेबल टेनिस, बैडमिंटन कोर्ट, चेस सहित विभिन्न इंडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। साथ ही बुजुर्गों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है, ताकि सभी आयु वर्ग के लोगों को एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान मिल सके।
इसके साथ ही सालोगड़ा बस स्टैंड को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने, वार्ड में विभिन्न स्थानों पर पार्क विकसित करने तथा दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी एवं पेंटिंग करवाकर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने को लेकर भी चर्चा की गई।
पार्षद रोहित भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम के सहयोग और अपनी देखरेख में वार्ड नंबर 4 को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में वार्ड में खेल, हरियाली, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 4 को एक सुंदर, स्वच्छ और बेहतर सुविधाओं से युक्त वार्ड बनाना उनका संकल्प है, जिसके लिए नगर निगम, NHAI और संबंधित विभागों के साथ मिलकर लगातार कार्य किया जा रहा है।
Solan, Solan | Aug 20, 2026