
बलिया के द्वाबा क्षेत्र के सुरेमनपुर निवासी धीरज कुमार तिवारी ने कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर सुरेमनपुर से लेकर पूरे बैरिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रविवार को लेफ्टिनेंट धीरज कुमार तिवारी सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां परिजनों और क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। लोगों ने मिठाइयां बांटकर उनकी सफलता का जश्न मनाया। इसके बाद स्वागत यात्रा बैरिया स्थित शहीद स्मारक पहुंची, जहां लेफ्टिनेंट धीरज ने देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर 363 विधानसभा के प्रत्याशी इंजीनियर दिनेश सिंह ने लेफ्टिनेंट धीरज कुमार तिवारी को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने धीरज की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इंजीनियर दिनेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय सेना में अधिकारी बनना धीरज की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी सफलता द्वाबा के युवाओं को देशसेवा और अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी राणा दिव्यांत सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता अमिताभ उपाध्याय, अंकित तिवारी समेत सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट धीरज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और देशसेवा में सफलता की कामना की।
#bairia #dheerajtiwar #indianarmy #lieutenant #engineerdineshsingh #Balliakhabar