
बिक्रमगंज के अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी दीपक कुमार सिंह बने डीएसपी, BPSC में हासिल की 107वीं रैंक
रोहतास जिले के बिक्रमगंज में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत दीपक कुमार सिंह ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 107वीं रैंक प्राप्त कर बिहार पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कैमूर जिले के इटाढ़ी गांव (पोस्ट- कैथी, थाना- सोनहन) निवासी दीपक कुमार सिंह ने प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की। व्यस्त सरकारी सेवा के बीच उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम प्राप्त किया। दीपक कुमार सिंह की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके परिवार के त्याग, माता-पिता के सपनों और वर्षों की मेहनत का प्रतिफल है। साधारण परिवेश से निकलकर बिहार पुलिस सेवा में डीएसपी बनने तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दीपक कुमार सिंह की सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता।