
सफलता की कहानी
..
तकनीकी शिक्षा से मिली सफलता की उड़ान: आईटीआई विदिशा के छात्र ऋतिक यादव बने मध्यप्रदेश पुलिस में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी)
..
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (शासकीय आईटीआई) विदिशा के लिए यह गर्व का विषय है कि संस्थान के पूर्व प्रशिक्षणार्थी श्री ऋतिक यादव ने अपनी मेहनत, अनुशासन और तकनीकी शिक्षा के बल पर मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पद पर सफलता प्राप्त की है। इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्राप्त व्यावसायिक प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और सतत परिश्रम ने उन्हें रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। उनकी यह उपलब्धि संस्थान के वर्तमान प्रशिक्षार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह सिद्ध करती है कि कौशल आधारित शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनती है।
श्री ऋतिक यादव ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान श आईटीआई विदिशा से सत्र 2023–25 में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत वायरिंग, घरेलू एवं औद्योगिक विद्युत उपकरणों का संचालन, मरम्मत, सुरक्षा मानकों तथा व्यावहारिक कार्यों का गहन ज्ञान प्राप्त किया।
आईटीआई में प्राप्त तकनीकी शिक्षा, अनुशासन एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने व्यक्तित्व एवं कार्यकुशलता का विकास किया। इसी का परिणाम है कि वर्तमान में श्री ऋतिक यादव का चयन मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पद पर हुआ है वर्तमान में उनकी पदस्थापना रायसेन जिले में है।
श्री ऋतिक ने बताया कि वर्तमान में उन्हें लगभग 20,000 रुपए प्रतिमाह वेतन प्राप्त हो रहा है। इस रोजगार के माध्यम से वह अपने परिवार की आर्थिक सहायता करने के साथ-साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
श्री ऋतिक ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, आईटीआई विदिशा के सभी प्रशिक्षकों एवं संस्थान द्वारा प्रदान किए गए गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण को दिया है। आईटीआई से प्राप्त ज्ञान, कौशल एवं आत्मविश्वास ने मुझे रोजगार प्राप्त करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए सशक्त आधार प्रदान किया है। ऋतिक कहते हैं कि "कड़ी मेहनत, अनुशासन और तकनीकी कौशल ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।"
#Vidisha #JansamparkMP