
आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर 2026 को सफल बनाने को लेकर तैयारी जोरों पर।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा श्री आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा श्री अरविन्द कुमार के सहयोग से दिनांक 12.09.2026 को व्यवहार न्यायालय, नवादा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु आज दिनांक 09.09.2026 को इंश्योरेंस कंपनी के अधिवक्तागण एवं वादियों के अधिवक्तागण के साथ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा के प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोटर एक्सीडेंट क्लेम से संबंधित लंबित वादों के निष्पादन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित विद्वान अधिवक्तागण के समक्ष यह निर्णय लिया गया कि पीड़ितों को मुआवजा दिलाने में तत्परता दिखाई जाएगी, ताकि उनके आश्रितों को शीघ्र मुआवजा मिल सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस संबंध में सभी संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों से आवश्यक विचार-विमर्श किया जा रहा है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, वन विभाग, विद्युत विभाग, दूरभाष विभाग, खनन विभाग एवं सभी बैंकों को पक्षकारों को नोटिस निर्गत करने हेतु पत्र भेजा गया है। साथ ही, जिले के सभी थानाध्यक्षों को शत-प्रतिशत नोटिसों का तामिला सुनिश्चित करने हेतु बैठक कर नोटिस थानों में भेजे जा रहे हैं। न्यायिक पदाधिकारियों के साथ भी लगातार बैठकें की जा रही हैं।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा श्री अरविन्द कुमार द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन हेतु व्यवहार न्यायालय परिसर का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में व्यवहार न्यायालय परिसर में हेल्प डेस्क लगाने, शुद्ध पेयजल एवं मेडिकल टीम के बैठने के लिए स्थान सुनिश्चित करने हेतु कार्यालय कर्मियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। व्यवहार न्यायालय में पक्षकारों की सुविधा हेतु पूछताछ केंद्र, शुद्ध पेयजल, दवा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पक्षकारों के सहयोग हेतु पारा विधिक स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।
साथ ही, जिला अधिवक्ता संघ, नवादा एवं एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव के साथ भी बैठक की गई। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बेहतर प्रदर्शन के लिए जिला अधिवक्ता संघ, नवादा से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है तथा एडवोकेट एसोसिएशन, नवादा से भी आवश्यक विचार-विमर्श किया गया है। आशा की जा रही है कि इस बार सुलहनीय वादों का अधिक से अधिक संख्या में निपटारा किया जा सकेगा।
बैठक में जिला अधिवक्ता संघ, नवादा के अध्यक्ष तेजनारायण यादव एवं एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मो० तारीक एवं महासचिव राकेश कुमार, इंश्योरेंस कंपनी के अधिवक्तागण क्रमशः रामानुज शर्मा, मो० बरकतउल्ला खान, राजेशकृष्ण एवं रेखा कुमारी तथा लोक अदालत के पेशकार सुशील कुमार उपस्थित रहे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 10, 2026