
सेफ सिटी टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टॉपर कला में बच्चों को किया जागरूक, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और हेल्पलाइन 112 की दी जानकारी
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर स्कूली विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत सेफ सिटी टीम की एएसआई नीलम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टॉपर कला में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान एएसआई नीलम ने बच्चों को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ अनुचित व्यवहार करता है तो वे बिना किसी डर या झिझक के अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके अलावा विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति भी जागरूक किया गया। बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी अनजान व्यक्ति से व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने, फर्जी लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा ऑनलाइन ठगी और साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ साइबर अपराध होता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एएसआई नीलम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि व्यक्ति के भविष्य, परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया। पुलिस ने बच्चों से कानून का पालन करने, सुरक्षित रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। जिला पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि बच्चों और युवाओं में सुरक्षा तथा कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
Haryana, India | Oct 7, 2026