
न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिला जेल झाबुआ में विधिक जागरूकता शिविर एवं निरीक्षण आयोजित
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह 2026” के अंतर्गत 16 नवम्बर 2026 को जिला जेल झाबुआ में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विधिक जागरूकता शिविर सह निरीक्षण का आयोजन किया गया।
शिविर में श्रीमती आशिता श्रीवास्तव ने बंदियों को बताया कि न्याय प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है तथा किसी भी व्यक्ति को विधिक जानकारी एवं सहायता के अभाव में न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, न्यायालयीन प्रक्रिया में सहयोग करने तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सुधार और नई शुरुआत के लिए सदैव अवसर उपलब्ध रहते हैं। बंदियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं रिहाई के पश्चात् समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।
शिविर में बंदियों को उनके लंबित प्रकरणों की स्थिति, न्यायालयीन कार्यवाही, निःशुल्क विधिक सहायता एवं पात्रतानुसार अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बंदियों के विधिक अधिकारों, निष्पक्ष सुनवाई, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा रिहाई के पश्चात पुनर्वास एवं सामाजिक पुनर्स्थापन के विषयों पर भी जागरूक किया गया। प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई गई।
शिविर के पश्चात् प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव द्वारा जिला जेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पुरुष एवं महिला बैरकों में जाकर बंदियों से संवाद किया तथा उनके प्रकरणों, विधिक सहायता, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, डॉक्टर एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता, रहने की व्यवस्था, मनोरंजन के साधनों तथा जेल परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता का भी जायजा लिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं पुनर्वास की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। उक्त शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, एलएडीसीएस अधिवक्ता श्री रूपेश शर्मा, श्री विश्वास शाह, जेल अधीक्षक श्री सुजित खरे, जेल स्टॉप एवं प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP