
बेला पुलिस, SSB 51वीं वाहिनी और STF की संयुक्त कार्रवाई; 680 कफ सिरप व 454 नशीली टैबलेट जब्त
परिहार/बेला: सीमावर्ती क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेला पुलिस, SSB 51वीं वाहिनी एवं स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने मच्छपकौनी गांव में छापेमारी कर नशीली दवाओं की खेप बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक घर से 680 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप, 454 पीस नशीली टैबलेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मौके से गृहस्वामी स्वर्गीय बद्री प्रसाद गुप्ता के पुत्र कमलेश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना मिलने के बाद SSB के असिस्टेंट कमांडेंट दीपक मिश्रा एवं बेला थानाध्यक्ष अचल अनुराग के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मच्छपकौनी गांव में बताए गए स्थान पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली टैबलेट बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बरामद दवाओं की खेप सीतामढ़ी बाजार से खरीदी जाती थी और रोशन नामक व्यक्ति के माध्यम से उसके पास पहुंचती थी। इसके बाद दवाओं को घर में रखकर नेपाली ग्राहकों को सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
SSB के असिस्टेंट कमांडेंट दीपक मिश्रा ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वहीं, बेला थानाध्यक्ष अचल अनुराग के अनुसार, मामले में NDPS Act की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में सीतामढ़ी भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद दवाओं के स्रोत और कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।