जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ।
जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलन एवं क्रीड़ा ध्वज का ध्वजारोहण कर किया उद्घाटन।
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 01 अक्टूबर से 04 अक्टूबर 2026 तक अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी, सीतामढ़ी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं क्रीड़ा ध्वज का ध्वजारोहण कर किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सीतामढ़ी, अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच), अनुमंडल पदाधिकारी, सीतामढ़ी सदर, उपाधीक्षक शारिरिक शिक्षा, सीतामढ़ी,निदेशक, डीआरडीए, सीतामढ़ी, कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान सहित अन्य पदाधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का भी विकास करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सीतामढ़ी के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के बल पर प्रमंडल एवं राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के कुल 3,061 खिलाड़ी लगभग 20 विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के प्रथम दिन अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, योग, भारोत्तोलन, ताइक्वांडो एवं क्रिकेट सहित अन्य खेल विधाएँ शामिल रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आयोजन के समापन पर मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन का सफल संचालन उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, सीतामढ़ी के नेतृत्व में किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान करना, विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
जिला प्रशासन, सीतामढ़ी द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।