
दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, डीएम शेखर आनंद और एसपी हिमांशु ने की अध्यक्षता
शेखपुरा। दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंथन सभा कक्ष, शेखपुरा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जिले में दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
छठ पूजा को लेकर घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया। वहीं, बाहर से आने वाले छठ व्रतियों के स्वागत एवं सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर विशेष व्यवस्था करने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों से पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।