
हड़ताली सफाई कर्मचारियों के समर्थन में उतरी जेजेपी, अतिरिक्त उपायुक्त को महामहिम राज्यपाल हरियाणा के नाम सौंपा ज्ञापन।
सफाई कर्मचारियों की सभी मांगें माने सरकार और सभी बर्खास्त कर्मचारी हो बहाल – ओ पी सिहाग
पंचकूला, 11 सितंबर: पंचकूला सहित पूरे प्रदेश में पिछले 36 दिनों से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों का मुद्दा एक बार फिर से जननायक जनता पार्टी ने उठाया है। शुक्रवार को पंचकूला में जेजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हड़ताली सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनके सेक्टर 14 स्थित धरना स्थल पर पहुंचे तथा वहां आयोजित सफाई कर्मियों की महापंचायत का समर्थन किया।
आज जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग की अगुआई में जजपा महिला प्रदेश प्रभारी किरण पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज,हल्का पंचकूला अध्यक्ष राजेश निषाद , युवा नेता मुकेश वाल्मीकि , ज़िला प्रवक्ता सुरेश पाठक, रणधीर पंवार एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से राज्य के महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और महामहिम राज्यपाल से हड़ताली सफाई कर्मचारियों की सभी मांगे पूरा करने और सभी बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली की मांग की।
जेजेपी ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने सफाई कर्मचारियों की पंचायत में कहा कि सफाई कर्मचारी हर शहर की रीढ़ है और सरकार द्वारा किसी भी सूरत में उनकी मांगों को अनसुना नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ 13 मई को हुए समझौते को लागू करने से पीछे हट रही है, जो कि सरासर कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी है। ओ पी सिहाग ने हैरानी जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार कर्मचारियों की मांगे मानने की बजाय कभी पुलिस के सहारे तो कभी उन्हें बर्खास्त करके उनके साथ धक्केशाही कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे है और उनकी सभी मांगों को सरकार को पूरा करना चाहिए ताकि प्रदेश में चरमराई सफाई पटरी पर लौट सके। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते न केवल कर्मचारी व उनके परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है बल्कि आमजन का जनजीवन भी प्रभावित है। जजपा नेत्री किरण पूनिया एवं युवा नेता मुकेश वाल्मीकि ने भी महापंचायत में सफ़ाई कर्मियों के पक्ष में अपनी बात रखी।
Ambala, Ambala | Sep 11, 2026