
🚨काशीपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, अवैध इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़; एक आरोपी गिरफ्तार
21 दिनों में किए गए 45,453 आउटगोइंग कॉल, ILD गेटवे बाईपास और रोबो कॉलिंग की आशंका
NS Enterprise के नाम से चल रहा था संदिग्ध टेलीकॉम सेटअप, जियो-अयरटेल राउटर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए NS Enterprise के नाम से संचालित एक संदिग्ध टेलीकॉम सेटअप का भंडाफोड़ किया है। प्रारंभिक जांच में SIP कनेक्शन के जरिए इंटरनेशनल लॉन्ग डिस्टेंस (ILD) गेटवे बाईपास और ऑटोमेटेड यानी रोबो कॉलिंग किए जाने की आशंका सामने आई है। इस मामले में STF ने एक आरोपी नईमुद्दीन को गिरफ्तार किया है।
STF के अनुसार, संबंधित सेटअप से महज 21 दिनों के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए STF की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने दूरसंचार विभाग (DoT) की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर मौके पर तकनीकी जांच की।
कंप्यूटर और डिजिटल सिस्टम से जुटाए अहम साक्ष्य
जांच के दौरान कंप्यूटर सिस्टम में Linux आधारित वर्चुअल मशीन, FreePBX लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और SSH क्लाइंट से संबंधित डिजिटल साक्ष्य मिले। इसके अलावा WhatsApp Web से जुड़ा डेटा और SIP ट्रंक, SIP केबल तथा इंटरनेट कनेक्शन के संबंध में हुई बातचीत भी सामने आई है।
टीम ने कंप्यूटर सिस्टम और वर्चुअल मशीन का RAM Dump, सिस्टम लॉग्स तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। अब इनकी तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि कॉलिंग गतिविधियों और नेटवर्क के संचालन से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
फर्म की आड़ में चल रहा था संदिग्ध टेलीकॉम सेटअप
STF के मुताबिक, आरोपी ने NS Enterprise के नाम से फर्म स्थापित कर काशीपुर में कार्यालय किराये पर लिया था। यहां इंटरनेट और SIP कनेक्शन के साथ कंप्यूटर, राउटर तथा अन्य नेटवर्किंग उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट के आधार पर इस सेटअप के जरिए ILD गेटवे बाईपास और स्वचालित कॉलिंग किए जाने की आशंका जताई गई। हालांकि, इन गतिविधियों के उद्देश्य और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
ये उपकरण किए गए बरामद
कार्रवाई के दौरान STF ने एक कंप्यूटर, तीन जियो राउटर, एक एयरटेल राउटर, एक SETU VTEP उपकरण, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और अन्य नेटवर्किंग उपकरण बरामद किए हैं। कंप्यूटर सिस्टम और वर्चुअल मशीन से संबंधित डिजिटल डेटा भी जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नईमुद्दीन पुत्र जाहिद हुसैन, निवासी मनकुआ मकसूदपुर, थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं, रुद्रपुर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) और 61(2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) तथा दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42(1) और 42(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
STF अन्य संभावित सहयोगियों और इस नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एजेंसी के अनुसार, एक माह के भीतर सिम बॉक्स और अवैध टेलीकॉम सेटअप से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज कर चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के दिशा-निर्देशन में STF के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में की गई। अभियान में पुलिस महानिरीक्षक STF/साइबर नीलेश आनंद भरणे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट तथा दूरसंचार विभाग की टीम शामिल रही।
साइबर ठगी होने पर यहां करें शिकायत: किसी भी तरह की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम रोकने की संभावना बढ़ सकती है।