
भारतीय जनता पार्टी मंडल जोगिंद्रनगर के प्रवक्ता रविन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी नेता, महान चिंतक तथा भारत की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भाजपा द्वारा बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर बालकरूपी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान तथा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा ने की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जमवाल, जिला उपाध्यक्ष अजय सकलानी,जिला कार्यकारिणी सदस्य मेघना ठाकुर ,मंडल महामंत्री शक्ति राणा,तथा नवीन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त मंडल के पदाधिकारी, ग्राम केंद्र अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
अपने संबोधन में अजय जमवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की अद्भुत प्रेरणा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी द्वारा दिखाए गए राष्ट्रभक्ति, संगठन और जनसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
रविन्द्र शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका बलिदान देश की भावी पीढ़ियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा। भाजपा संगठन प्रत्येक वर्ष उनके बलिदान दिवस को श्रद्धा एवं संकल्प के साथ मनाकर उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है।