
धनतेरस पर वृद्धजनों के बीच पहुंचीं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष ऋचा वर्मा, स्नेह और सम्मान के साथ मनाई खुशियों की दीपावली
वृद्धजनों को मिष्ठान खिलाकर और शॉल भेंट कर लिया आशीर्वाद, उनके बीच बैठकर भजन सुने और साझा किए आत्मीयता के पल
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई। धनतेरस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी समीर की पत्नी आकांक्षा समिति की अध्यक्ष ऋचा वर्मा ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों के साथ खुशियों के पल साझा किए। उन्होंने सभी वृद्धजनों को अपने हाथों से मिष्ठान खिलाया तथा शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान ऋचा वर्मा ने वृद्धजनों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय बातचीत की और उनके साथ भजन सुने। वृद्धजनों के साथ बिताए इन आत्मीय पलों ने वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया। उन्होंने बुजुर्गों के प्रति स्नेह, सम्मान और अपनत्व व्यक्त करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, आशीर्वाद और संस्कार हमारी सबसे बड़ी पूंजी हैं। त्योहारों की वास्तविक खुशी अपनों के साथ खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने में है। धनतेरस के अवसर पर वृद्धजनों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटने की इस पहल ने त्योहार के उल्लास को और भी आत्मीय बना दिया।
Orai, Jalaun | Nov 7, 2026