
• कलेक्टर ने सेवा संकल्प एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
• खाद, बीज की उपलब्धता एवं सोयाबीन विक्रय की कलेक्टर ने की समीक्षा
• कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई सहित आमजन से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टि पूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक के दौरान जिले में खाद एवं बीज की उपलब्धता, वितरण तथा सोयाबीन उपज की मंडियों में खरीदी की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से किसानों की आवश्यकता के अनुरूप खाद-बीज की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा मांग की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाए । उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले की कृषि उपज मंडियों में सोयाबीन उपज की खरीदी की समीक्षा की। उन्होंने मंडियों में किसानों से सोयाबीन की खरीदी, उपज की आवक, भुगतान की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा किसानों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान तथा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने दोनों अभियानों के तहत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों, ग्राम भ्रमण, जनसंवाद एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही शासकीय सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियानों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक सहजता से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मैदानी क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने, ग्रामीणों से सीधे संवाद करने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान की गई गतिविधियों एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना-संबल तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने दोनों योजनाओं की प्रगति, पंजीयन एवं पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पात्र श्रमिकों का पंजीयन कराने तथा योजनाओं के लाभ की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने विभिन्न विभागों को भूमि आवंटन तथा विभागीय निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि आवंटन की स्थिति, लंबित प्रकरणों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लंबित भूमि आवंटन प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए तथा स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए संबंधित विभाग नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, संयुक्त कलेक्टर श्री रविन्द्र परमार, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, एसडीएम श्रीमती स्वाती मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री किरण बरबडे़, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम सिंह गौड़, डिप्टी कलेक्टर श्री गिरीराज सिंह परिहार सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
#डॉ_मोहन_यादव_का_विकसित_MP #सेवा_संकल्प_अभियान_2026 #विकसित_भारत #ModiAt25 #JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore #जनसेवा #सेवा_संकल्प #सेवा_के_25_वर्ष #जनकल्याण #सेवा_ही_संकल्प #आशीर्वाद