
मोकामा थाना क्षेत्र के मोलदियार टोला में बुधवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई कर कुख्यात अपराधी राकेश कुमार उर्फ कारू सिंह को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कारू सिंह अपने साथियों के साथ कट्टा लेकर घूम रहा था। वह अपनी पत्नी के घर पहुंचकर पहले से दर्ज केस वापस लेने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को बरही टोला से पीछा कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोलदियार टोला निवासी राकेश कुमार उर्फ कारू सिंह और सकरबार टोला निवासी शिवजी सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि कट्टा लहराने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
जानकारी के अनुसार, कारू सिंह अपने दो साथियों के साथ मोलदियार टोला स्थित अपनी पत्नी के घर पहुंचा था। वहां उसने कट्टा दिखाकर पहले से दर्ज केस वापस लेने की धमकी दी। इसकी सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कारू सिंह और उसके साथी शिवजी सिंह को पकड़ लिया। हालांकि, एक अन्य आरोपी कट्टा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के मुताबिक, राकेश कुमार उर्फ कारू सिंह के खिलाफ हत्या समेत करीब दो दर्जन गंभीर अपराधों के मामले पहले से दर्ज हैं। कट्टा लहराने और पहले से दर्ज केस वापस लेने की धमकी देने के मामले में FIR दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
#Mokama #मोकामा
Mokameh, Patna | Sep 3, 2026