
शिक्षण के साथ रची सफलता की नई इबारत, बीपीएससी 70वीं में 1954वीं रैंक लाकर आपूर्ति निरीक्षक बनीं संरचना
रोहतास जिले के सूर्यपुरा प्रखंड क्षेत्र के गोशलडीह मध्य विद्यालय में कार्यरत विज्ञान एवं गणित शिक्षिका संरचना ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 1954वीं रैंक प्राप्त कर आपूर्ति निरीक्षक पद पर चयनित होकर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। अवकाश प्राप्त वायु सैनिक हरेराम पाल एवं गृहिणी चंदा देवी की पुत्री संरचना बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है। वर्तमान में वे बीपीएससी टीआरई-2 के माध्यम से चयनित होकर 12 फरवरी 2024 से गोशलडीह मध्य विद्यालय में विज्ञान एवं गणित विषय की विद्यालय अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
शिक्षण कार्य की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। संरचना मूल रूप से नासरीगंज प्रखंड के कछवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सबारी गांव की निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त की, जबकि 10वीं एवं 12वीं की पढ़ाई जयपुर (राजस्थान) से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद से उच्च शिक्षा प्राप्त की। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरे समर्पण और आत्मविश्वास के साथ करने का संदेश दिया। संरचना ने बताया कि उनका लक्ष्य अभी और ऊंचा है। वे भविष्य में उच्च प्रशासनिक पदों पर सेवा देने की इच्छा रखती हैं और इसके लिए यूपीएससी एवं बीपीएससी की आगामी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखेंगी। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।