
झुरीवाला डंपिंग ग्राउंड हटने पर वार्ड-17 और पंचकूला एक्सटेंशन में जश्न, सुंदरकांड पाठ व विशाल लंगर आयोजित
पंचकूला, 2 जून (देव शर्मा)। झुरीवाला डंपिंग ग्राउंड हटने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर वार्ड नंबर-17 एवं पंचकूला एक्सटेंशन वासियों ने एकता और जीत का उत्सव धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर बूथ मार्केट के सामने स्थित ग्राउंड में सुंदरकांड पाठ एवं विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कहा कि झुरीवाला डंपिंग ग्राउंड के खिलाफ संघर्ष की शुरुआत सेक्टर-25 स्थित हनुमान मंदिर से भगवान श्री हनुमान जी के आशीर्वाद के साथ हुई थी। क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि प्रभु कृपा, जनता की एकजुटता और लगातार संघर्ष के कारण ही यह लंबा आंदोलन सफलता तक पहुंचा। लोगों ने इस उपलब्धि को क्षेत्रवासियों की एकता और भगवान श्री हनुमान जी के आशीर्वाद का परिणाम बताया।
इस अवसर पर पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल, ओम प्रकाश चौधरी, पार्षद अशोक कुमार, पार्षद रोहित चौधरी, पार्षद अमनदीप कौर, पार्षद मनीषा रानी सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं शहरवासी मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे पंचकूला एक्सटेंशन क्षेत्र की जनता की जीत है।
वक्ताओं ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने जनभावनाओं को समझते हुए समस्या के समाधान में सकारात्मक सहयोग दिया, जिसके लिए क्षेत्रवासी उनके आभारी हैं। साथ ही इस जनहित अभियान में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और पंचकूला वासियों का भी धन्यवाद किया गया।
कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ के माध्यम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की गई। इसके बाद विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
अंत में आयोजकों ने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि जब जनता एकजुट होकर जनहित के मुद्दों के लिए आवाज उठाती है, तो सकारात्मक परिणाम अवश्य मिलते हैं। उन्होंने भविष्य में भी शहर के विकास और जनहित के कार्यों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
जारीकर्ता:
जय माता दी मैनेजमेंट कमेटी, सेक्टर-25, पंचकूला
#samacharsansarnews24 #Panchkula #JhuriwalaDumpingGround #Ward17 #PanchkulaExtension #SunderkandPath #HanumanJi #JanAndolan #DevSharma #हर_खबर_पर_पैनी_नजर