
17 सितंबर को रंग-बिरंगी रोशनी और दीयों से जगमगाएगा पूरा पंचकूला
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय से लेकर गांवों तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अभियान की तैयारियों को लेकर कैंप कार्यालय में अधिकारियों की ली बैठक
25 तरह की सेवा गतिविधियों से समाज को जोड़ेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अभियान की प्राथमिकता : उपायुक्त
पंचकूला, 13 सितंबर : सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को पूरा पंचकूला जिला रंग-बिरंगी रोशनी और दीयों की जगमगाहट से रोशन होगा। जिला मुख्यालय से लेकर खंड एवं ब्लॉक स्तर तक सरकारी भवनों, पंचायत घरों, सामुदायिक केंद्रों, अमृत सरोवरों और प्रमुख चौराहों को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अभियान की तैयारियों को लेकर आज कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को नोडल अधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित संयोजकों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर सभी कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्या, एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा, एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश जागृति, डीईईओ रमेश बत्रा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, जिला समाज कल्याण अधिकारी विशाल सैनी, जिला कल्याण अधिकारी विशाल बसंल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ये गतिविधियां होंगी आयोजित
उपायुक्त ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और सेवा, सुशासन तथा जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करना है। अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘25 साल 25 कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज तथा ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि उनका लाभ और संदेश सीधे आमजन तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सेवा कार्यों में समाज की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उन्हें सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना अभियान की प्राथमिकता होगी।
*‘सेवा सेतु’ से लोगों को एक ही स्थान पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी*
उपायुक्त ने बताया कि “सेवा सेतु’ कार्यक्रम” के तहत ब्लॉक स्तर पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की आवश्यक प्रक्रिया मौके पर ही पूरी करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक भी इसकी जानकारी पहुंच सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
25 तरह की सेवा गतिविधियों से जुड़ेगा समाज
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को रोजमर्रा की जिंदगी में छोटे-छोटे सेवा कार्यों के जरिए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। घर, गांव, स्कूल, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी।
इनमें रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों में सेवा, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और खेलकूद सहित 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियां शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को सेवा भावना से जोड़ने और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को अपनी क्षमता एवं रुचि के अनुसार सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा और सेवा भावना दिखाने का अवसर
सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत शिक्षा विभाग द्वारा खंड स्तर पर विद्यार्थियों की चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध सरकारी सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सेवाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि वे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा बनें और अपनी क्षमता एवं रुचि के अनुसार विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि आमजन की सक्रिय एवं व्यापक भागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के साथ-साथ सेवा, सुशासन एवं जनभागीदारी की भावना को और मजबूत किया जा सकेगा।