
जालौन जिले की आटा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। थाना आटा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 21 लाख रुपये कीमत का 135 ग्राम सोना और 97 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूरे मामले का खुलासा सीओ कालपी ने प्रेसवार्ता के दौरान किया।
मामला आटा थाना क्षेत्र का है, जहां 23 जून को मनोज सिंह नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मां और बड़ी बहू के घर में रखे सोने के टुकड़े, जिन्हें स्थानीय भाषा में थपिया कहा जाता है, चोरी हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना आटा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद सोने का कुल वजन 135 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है। इसके अलावा 97 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आटा क्षेत्र के पिपरांया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
राजेश कमल, सीओ कालपी
"24 घंटे में चोरी का खुलासा, 21 लाख का सोना और 97 हजार नकद बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
Jalaun, Jalaun | Jun 24, 2026