
छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न
---
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार 14 से 27 नवंबर तक 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को लक्षित कर 15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन छात्रावास, खंडवा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी ने उपस्थित विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर श्री चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, आत्मसम्मान और के समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए तथा अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता, पॉक्सो अधिनियम एवं साइबर अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति सतर्क रहने की अपील की। शिविर में छात्रावास अधीक्षक श्री राजेंद्र बामने, पैरालीगल वॉलंटियर्स श्रीमती अनीता यादव एवं सुश्री नेहा यादव सहित छात्रावास के विद्यार्थीगण भी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
#khandwa