
🔹आगरा में मेट्रो का काम तेज: बिना पिलर के रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरेगी मेट्रो, 60 मीटर लंबा विशेष स्टील स्पैन तैयार.
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की देखरेख में आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का काम बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। ताज़ा अपडेट के अनुसार, रावली रेलवे क्रॉसिंग पर मेट्रो के लिए बनाया जा रहा 60 मीटर लंबा और 11 मीटर चौड़ा पुल (स्टील स्पैन) असेंबली के आखिरी चरण में है। इस विशेष तकनीक से बनने वाले पुल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना किसी पिलर (खंभे) के सीधे रेलवे ट्रैक के ऊपर स्थापित होगा, जिससे भारतीय रेलवे की ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित नहीं होगा।
यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि इस विशालकाय स्टील स्पैन को 154 छोटे-छोटे हिस्सों को आपस में जोड़कर ट्रेसल की मदद से तैयार किया गया है। वर्तमान में इसके ज्यादातर हिस्से जोड़े जा चुके हैं और फिनिशिंग व वोल्ट कसने (बोल्टिंग) का अंतिम काम प्रगति पर है।
▪️रोलिंग तकनीक से होगा स्थापित.
अधिकारियों के मुताबिक, बोल्टिंग का काम पूरा होने के तुरंत बाद इस भारी-भरकम स्पैन को रोलिंग तकनीक के जरिए रेलवे लाइन के ऊपर सटीक स्थान पर खिसकाकर स्थापित (लांच) कर दिया जाएगा। निगम ने इसी महीने के अंत तक इस बड़े और महत्वपूर्ण चरण को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
▪️क्यों खास है यह विशेष स्पैन?
आमतौर पर मेट्रो निर्माण में इस्तेमाल होने वाले एक पारंपरिक यू-गर्डर की लंबाई करीब 28 मीटर होती है। हालांकि, रावली क्रॉसिंग पर रेलवे लाइन की चौड़ाई और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से 60 मीटर लंबा स्टील स्पैन तैयार किया जा रहा है।
इस स्टील स्पैन की सफल स्थापना के बाद, इस पर कंक्रीट की मजबूत स्लैब डाली जाएगी। इसके तुरंत बाद अप और डाउन दोनों लाइनों के लिए मेट्रो ट्रैक बिछाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
#badaunharpalnews #budaunharpal #badaunharpal #budaun #badaun #agra #AgraMetro #tajmahal #UPMRC बदायूँ हर पल न्यूज़ @badaunharpalnews
Budaun, Budaun | Nov 13, 2026