
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने, बालिकाओं को आगे बढ़ाये जाने व उनके प्रति होने वाले अपराधों की दर में कमी लाने तथा पर्यावरण को संरक्षित करने और पोषित किये जाने की दिशा में कार्य करते हुए रालसा वन व बालिका वर्ष 2025, सृजन की सुरक्षा योजना लागू की गई है। जिसके क्रियान्वयन हेतु जिले में सामाजिक, आर्थिक आधार तथा सामुदायिक भागीदारी का मूल्यांकन कर ग्राम पंचायत बरखेड़ा का चयन किया गया था। जिसमें यह योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की गई है। योजना के तहत आज दिनांक 15.08.2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चिन्हित ग्राम पंचायत बरखेड़ा में भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
योजना अन्तर्गत ग्राम पंचायत बरखेड़ा में दिनांक 01.04.2026 से 31.07.2026 तक जन्म लेने वाली 21 बालिकाओं के परिवारजनों द्वारा आज दिनांक 15.08.2026 को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र बरखेड़ा, करौली पर पौधे लगाये गये, जिनकी प्रारंभिक देखभाल और पोषण की जिम्मेदारी नवजात बालिकाओं के परिवारजनों द्वारा सामुदायिक भागीदारी से ली गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिकाओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक पहचान पत्र वितरित किये गये। उपस्थित प्रतिभागियों को पौधे वितरित कर उनको अधिक से अधिक पौधे लगाये जाने एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अरुण कुमार बेरीवाल द्वारा पौधों के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए बताया कि मनुष्यों को अपने जीवन काल में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए व वृक्षों को नष्ट होने से बचाने के लिए हमें पूर्ण प्रयास करना चाहिए। वृक्षारोपण पर्यावरण को संतुलित कर मानव के अस्तित्व एवं जीवन स्वस्थ प्राकृतिक पर्यावरण पर निर्भर है। इसलिए पर्यावरण के संरक्षण व मानव अस्तित्व की रक्षा हेतु वृक्षारोपण पर विशेष जोर दिये जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अरुण कुमार बेरीवाल, न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय, अश्विनी कुमार यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश प्रताप सिंह मीना, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई पवन गुप्ता, बाल कल्याण समिति सदस्य दिलीप मीना, सरपंच सरस्वती देवी, सरपंच प्रतिनिधि प्रेमसिंह माली, ग्राम विकास अधिकारी प्रियंका मीना, सहायक सचिव राजेश शर्मा, सहित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रतिनिधि एवं नवजात बालिकाओं के परिजन उपस्थित रहे।
अन्त में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रताप सिंह मीना द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।