छठ घाटों की तैयारियों को लेकर डीएम ने बढ़ाई निगरानी, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
लौरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पश्चिम चंपारण जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने लौरिया प्रखंड के बिसुनपुरवा सहित विभिन्न संवेदनशील छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की मौजूदा स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जिले के अन्य प्रमुख छठ घाटों पर भी प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा, रोशनी और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, बीडीओ संजीव कुमार और सीओ आशु रंजन मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूजा समितियों से समन्वय बनाकर कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।