मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर अनूप सिंह के बाग के पास बृहस्पतिवार दोपहर स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम चुवाड़ (थाना छपिया) निवासी पूर्व सैनिक सत्यानंद मिश्र (45), जो आईटीआई में गार्ड सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, मनकापुर से स्कूटी से अपने घर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक पर सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पुलिस की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां डॉ. आलोक चौधरी ने बाइक सवार अभिषेक वर्मा (23) निवासी बभनी खास (थाना छपिया) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे बाइक सवार आरिफ (22) निवासी कस्बा बभनान, थाना गौर (जिला बस्ती) और पूर्व सैनिक सत्यानंद मिश्र को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त फौजी ने हेलमेट पहन रखा था जबकि बाइक सवार दोनों युवक बिना हेलमेट के थे, वहीं सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Gonda, Gonda | Nov 8, 2026