
बाजपुर न्यूज
रक्तदान महादान,कुनाल सैनी के प्रयास से जरूरतमंद परिवार को मिला रक्त, मुस्लिम युवकों ने पेश की मानवता की मिसाल
बाजपुर। रक्तदान को महादान कहा जाता है और इस बात को भाजपा सुल्तानपुर पट्टी मंडल महामंत्री कुनाल सैनी लगातार अपने कार्यों से साबित कर रहे हैं। वर्ष 2019 से वे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं। उनके सहयोग से अब तक अनेक मरीजों को रक्त मिल चुका है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी है। इसी क्रम में शनिवार देर रात एक जरूरतमंद हिंदू परिवार को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर कुनाल सैनी ने रक्तदाताओं से सहयोग की अपील की। उनकी अपील पर मुस्लिम समाज के दो युवकों तौसीफ और मौसिम ने आगे आकर रक्तदान किया और सांप्रदायिक सौहार्द एवं मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।कुनाल सैनी ने दोनों रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। यह ऐसा पुण्य कार्य है जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के लिए जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर मानवता को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने और समाज सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की। कुनाल सैनी ने कहा कि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए समाज के सभी लोगों को आगे आना चाहिए। गौरतलब है कि ग्राम महेशपुरा निवासी कुनाल सैनी एक मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। इससे पूर्व वे बाजपुर उप जिला चिकित्सालय में अप्रेंटिस के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। अस्पताल में कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रक्तदान के इस अभियान के माध्यम से कुनाल सैनी न केवल जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं, बल्कि समाज में मानवता, भाईचारे और सेवा की भावना को भी मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।