
उरई के कुनाल जाटव ने रचा इतिहास, 3.17 सेकंड में अंग्रेजी वर्णमाला टाइप कर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
जालौन। प्रतिभा और तकनीक के क्षेत्र में उरई के छात्र कुनाल जाटव ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। डिवाइन मर्सी स्कूल में कक्षा 11 के छात्र कुनाल ने अंग्रेजी वर्णमाला को महज 3.17 सेकंड में टाइप कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने 3.25 सेकंड के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। कुनाल की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी समीर ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शहर के मोहल्ला बघौरा निवासी कुनाल के पिता संतोष कुमार जाटव सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां गृहणी हैं। कुनाल को कंप्यूटर और तकनीक के क्षेत्र में विशेष रुचि है। लगातार अभ्यास के साथ वह अपनी प्रतिभा निखार रहे हैं। उन्होंने खेलों से जुड़े कई सॉफ्टवेयर भी विकसित किए हैं। भविष्य में वह टेक आंत्रप्रेन्योर बनकर अपना बड़ा उद्यम स्थापित करना चाहते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कुनाल की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह साबित करती है कि निरंतर अभ्यास, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।
#JalaunNews #dmjalaun #up92 #boldobharat
Orai, Jalaun | Nov 4, 2026