
कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट कर्मचारी का अंतिम संस्कार
हमले के बाद न्यायालय कर्मचारी की मौत से आक्रोश, परिजनों ने की हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी न्यायालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अमित मिश्रा (36) की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। 27 सितंबर की रात बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने के बाद से अमित परेशान चल रहे थे। मंगलवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लोहिया अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
अमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रोली और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं न्यायालय कर्मचारियों और परिजनों में भी आक्रोश फैल गया।
परिजनों के अनुसार, अमित 27 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले बाइक सवार तीन युवकों ने कथित रूप से उनकी बाइक गिरा दी। आरोप है कि अमित जान बचाकर भागे तो युवकों ने पीछा कर उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए।
अमित के भाई आलोक मिश्रा ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उनके भाई पर हमला किया था।
विरोध के बाद अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
अमित की मौत के बाद परिजनों और न्यायालय कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया। लोहिया अस्पताल की मोर्चरी से लेकर कलेक्ट्रेट गेट तक विरोध-प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल नंबरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पांचाल घाट पर पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार
मामले को लेकर बढ़े आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पांचाल घाट पर अमित मिश्रा का अंतिम संस्कार कराया गया। घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
परिजनों ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
अमित की मौत से सलेमपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। पत्नी रोली और मासूम बच्चों का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
#अमित_मिश्रा #राजेपुर #फर्रुखाबाद #सलेमपुर #न्यायालय_कर्मचारी #CourtEmployee #FarrukhabadNews #Rajepur #CrimeNews #BreakingNews #UPPolice #FarrukhabadPolice #पांचालघाट #हत्या #हमला #गिरफ्तारी_की_मांग #न्याय_की_मांग #LocalNews #UPNews #farrukhabadnews