
प्रतिमा हटाने पर भड़का लोधी समाज का आक्रोश, चंदेरी SDM कार्यालय का घेराव
करैरा-पिछोर से पहुंचे सैकड़ों लोग, सम्मानजनक तरीके से उसी स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग; SDM-तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
शिवपुरी। अशोकनगर जिले के ईसागढ़-चंदेरी मार्ग स्थित महोली चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा हटाए जाने के बाद लोधी समाज में आक्रोश बढ़ गया है। मंगलवार को शिवपुरी जिले की करैरा और पिछोर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोग चंदेरी पहुंचे और नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जिस स्थान पर प्रतिमा स्थापित की गई थी, उसी स्थान पर उसे सम्मानजनक तरीके से पुनः स्थापित किया जाए।
जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात लोगों ने ईसागढ़-चंदेरी मार्ग स्थित महोली चौराहे पर बिना अनुमति रानी अवंती बाई की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। सोमवार सुबह प्रशासन को इसकी जानकारी लगी तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हाइड्रा मशीन की मदद से प्रतिमा को वहां से हटवा दिया। इसके बाद प्रतिमा को पिकअप वाहन से चंदेरी नगर पालिका में सुरक्षित रखवा दिया गया। प्रतिमा हटाए जाने की कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद लोधी समाज में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते यह विरोध करैरा और पिछोर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंच गया। मंगलवार को दोनों विधानसभा क्षेत्रों से एक सैकड़ा से अधिक लोग चंदेरी पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन कर रहे समाज के लोगों ने कहा कि वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा जिस स्थान पर स्थापित की गई थी, उसे उसी स्थान पर सम्मानपूर्वक स्थापित किया जाना चाहिए। समाज के लोगों ने प्रशासन से इस संबंध में तत्काल निर्णय लेने की मांग की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद तहसीलदार और एसडीएम ने समाज के लोगों से चर्चा की। इसके बाद लोधी समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।