
पॉक्सो कानून पर जागरूक हुए छात्र-छात्राएं, गुड टच-बैड टच से लेकर कानूनी अधिकारों तक दी जानकारी
अंहिसा दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को बृज कुंवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, झांसी रोड उरई में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012, बाल सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सिविल जज सीडी श्रीमती शाम्भवी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार असहज या संदिग्ध लगे तो बच्चे बिना डर और झिझक के अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।
तहसील विधिक सेवा समिति उरई के अध्यक्ष एवं सिविल जज जूडि श्री प्रत्यूष प्रकाश ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने के लिए पॉक्सो कानून बनाया गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी विधिक समस्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी।
विद्यालय के डायरेक्टर इंजी. अजय इटौरिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की पॉक्सो कमेटी के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को आपात स्थिति में 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन नंबर की जानकारी देने के साथ सोशल मीडिया पर निजी जानकारी एवं तस्वीरों को सुरक्षित रखने तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा श्रीखंडे ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को पट्टिका एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन देवेश पाठक ने किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, पीएलवी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
#Jalaun #Orai #Kalpi #POCSOAct #ChildSafety #LegalAwareness #DLSAJalaun #ChildHelpline1098 #Emergency112 #Bundelkhand #BreakingNews #JalaunNews #OraiNews #कानूनीजागरूकता #बालसुरक्षा
Kalpi, Jalaun | Sep 26, 2026