
सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहे गाड़ी सवार दो युवकों को किया गिरफ्तार, 639 ग्राम अफीम बरामद
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने गाड़ी सवार दो युवकों को मादक पदार्थ अफीम सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 15.09.2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के उप निरीक्षक अजय कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त एवं पड़ताल ड्यूटी पर दिनोद रोड, नजदीक हनुमान मंदिर, भिवानी मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि चारा मंडी गेट के सामने एक गाड़ी में दो युवक बैठे हैं, जिनके पास मादक पदार्थ अफीम है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गाड़ी सवार दोनों युवकों को काबू किया।
*आरोपियों की पहचान ओमवीर पुत्र राजेंद्र निवासी धनाना, जिला भिवानी तथा मनोज पुत्र राजेंद्र निवासी तिगडाना, जिला भिवानी के रूप में हुई।*
*पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 639 ग्राम मादक पदार्थ अफीम बरामद किया तथा आरोपियों द्वारा प्रयोग की जा रही आईटीयोस गाड़ी को पुलिस कब्जे में लिया गया।*
इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना शहर भिवानी में अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई। आरोपी ओमवीर खेती-बाड़ी का कार्य करता है।आरोपी मनोज होटल का कार्य करता है।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी ओमवीर को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए, जबकि आरोपी मनोज को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से मादक पदार्थ कहां से लाया गया, किसे बेचने की योजना थी तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता, भिवानी।।