
अश्लील ऐप्स के जरिए साइबर ठगी का खतरा, नागौर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
‘Night Play’, ‘Reloop’, ‘Kyss’, ‘Vimo’, ‘Vixa’ और ‘Nexo’ जैसे ऐप से रहें सावधान, APK डाउनलोड नहीं करने की अपील
नागौर। मोबाइल यूजर्स को पोर्नोग्राफिक ऐप्स और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली साइबर ठगी से बचाने के लिए राजस्थान पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नागौर की ओर से जारी एडवाइजरी में लोगों को सोशल मीडिया पर आने वाले अश्लील विज्ञापनों और लिंक पर क्लिक कर किसी भी तरह की APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
पुलिस के अनुसार ‘Night Play’, ‘Reloop’, ‘Kyss’, ‘Vimo’, ‘Vixa’ और ‘Nexo’ जैसे नामों से पोर्नोग्राफिक ऐप प्रसारित किए जा रहे हैं। इन ऐप्स को इंस्टॉल करने के बाद उपयोगकर्ता से Accessibility Permission और अन्य संवेदनशील अनुमतियां मांगी जा सकती हैं। अनुमति मिलने के बाद साइबर अपराधी मोबाइल पर नियंत्रण हासिल कर बैंक खातों से जुड़े संवेदनशील डेटा का दुरुपयोग कर सकते हैं।
एडवाइजरी में बताया गया है कि साइबर ठग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील विज्ञापन या लिंक प्रसारित करते हैं। लिंक पर क्लिक करने वाले व्यक्ति को फर्जी वेबसाइट पर ले जाकर APK डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए उकसाया जाता है। इसके बाद ऐप के माध्यम से बैंकिंग और मोबाइल से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हासिल करने का प्रयास किया जाता है।
पुलिस ने मोबाइल में अनजान ऐप को Accessibility Permission नहीं देने, ऐप केवल Google Play Store जैसे विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से डाउनलोड करने, फोन और ऐप को अपडेट रखने तथा बैंक खाते और यूपीआई ट्रांजेक्शन पर नजर रखने की सलाह दी है।
संदिग्ध ऐप इंस्टॉल होने की आशंका पर फोन को Safe Mode में शुरू कर संदिग्ध ऐप को हटाने की सलाह दी गई है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन, साइबर पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर सूचना देने की अपील की गई है।
Ajmer Police Rajasthan Rajasthan Police
#RajasthanNews #LatestNews #
Ajmer, Ajmer | Sep 2, 2026