
मारपीट की घटना के बाद पंचायत की बैठक, पीड़ित सुनील ने ग्रामीणों से सहयोग की अपील
मोरनी। मोरनी क्षेत्र के ठाठर गांव निवासी सुनील ने अपने साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों से पंचायत के माध्यम से शांतिपूर्ण एवं उचित समाधान निकालने की अपील की है। सुनील के अनुसार, हाल ही में मोरनी, सिल्यों और भुड़ी गांव के कुछ युवकों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई तथा उसे चलती बाइक से गिरा दिया गया।
सुनील ने कहा कि उसने आज तक किसी के साथ लड़ाई-झगड़ा नहीं किया है। उन्होंने पूरे मामले का पंचायत स्तर पर शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाधान निकालने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
घटना को लेकर शनिवार शाम 7 बजे चौधरी के बास स्थित स्कूल में बैठक रखी गई है। सुनील ने अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों से बैठक में पहुंचकर उसका साथ देने और हौसला बढ़ाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि बैठक में सभी लोग मिलकर घटना पर चर्चा करेंगे और न्यायपूर्ण एवं शांतिपूर्ण समाधान निकालने पर विचार किया जाएगा। इसके बाद रविवार दोपहर 3 बजे संबंधित लोगों के घर जाकर पंचायत के माध्यम से बातचीत कर मामले का उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
सुनील ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यह एक डरे हुए बच्चे का मामला है और सभी लोग एकजुट होकर उसका हौसला बढ़ाने के लिए जरूर पहुंचें। उन्होंने सभी से सहयोग एवं एकजुटता बनाए रखने की अपील की है।