
छत (बरठीं): कुत्ते को कुचलकर बिना रुके निकल गई HRTC बस! मालिक ने 1100 पर की शिकायत, मांगी सख्त कार्रवाई
बिलासपुर। बरठीं से पहले छत नामक स्थान पर HRTC की इलेक्ट्रिक बस से पालतू कुत्ते की मौत का मामला अब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 तक पहुंच गया है। कुत्ते के मालिक ने बस चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बस नंबर HP-69-7940 का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता पंकज महाजन पुत्र बिशन दास के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को HRTC बिलासपुर डिपो की बस सुबह करीब 8:40 बजे उनके घर के पास से गुजर रही थी। यह बस चौखना छतड़ियार से घुमारवीं रूट पर चलती है और घुमारवीं पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:40 बजे बताया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सड़क पार कर रहे उनके पालतू कुत्ते को बस चालक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया था। स्थानीय युवकों के अनुसार, कुत्ते को कुचलने के बाद चालक बस रोके बिना आगे निकल गया। इसके बाद कुछ युवकों ने बस का पीछा किया और बरठीं में उसे रुकवाकर चालक से सवाल किया कि कुत्ते को कुचलने के बाद वह बिना रुके क्यों चला गया। आरोप है कि इस दौरान चालक ने सरकारी बस रोकने के आरोप में युवकों के खिलाफ FIR दर्ज करवाने की धमकी दी।
अब कुत्ते के मालिक पंकज महाजन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत संख्या 1400226 के तहत मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में HRTC को संबंधित विभाग के रूप में दर्ज किया गया है। शिकायत के समाधान के लिए L-1 अधिकारी के रूप में विवेक लखनपाल, रीजनल मैनेजर, ट्रांसपोर्ट एरिया बिलासपुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने पहले भी विभाग से इस मामले को लेकर बात की थी, लेकिन समाधान नहीं होने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा लेना पड़ा। 11 नवंबर 2026 को शिकायत की स्थिति 'कार्य प्रगति पर' दर्शाई गई थी।
अब देखना होगा कि HRTC प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाता है और संबंधित चालक के खिलाफ विभागीय जांच कर क्या कार्रवाई की जाती है।
इस घटना ने बेजुबान जानवरों के प्रति वाहन चालकों की जिम्मेदारी और सड़क दुर्घटना के बाद उनके व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए हैं। क्या HRTC प्रबंधन को इस मामले में गंभीरता से संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए? अपनी राय कमेंट में जरूर दें।
शिकायत संख्या: 1400226 | दिनांक: 11-11-2026 | विभाग: HRTC | स्थिति: कार्य प्रगति पर
#HRTC #Ghumarwin #Barthin #Chhat #Bilaspur #HimachalRoadways #CMHelpline1100 #HimachalNews #AnimalCruelty #UTHimachal #UTNews