मध्य प्रदेश के बालाघाट में बैगा आदिवासी क्षेत्रों में बीमारी का संकट लगातार बना हुआ है। राहुल गांधी के दौरे से पहले उकवा क्षेत्र के सुंदरवाही गांव की 11 वर्षीय सुषमा मर्सकोले की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया ने बताया कि बालिका को मलेरिया था और छह दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मलेरिया नियंत्रित हो गया था, लेकिन अन्य बीमारियों के चलते उसकी हालत गंभीर बनी रही और बुधवार देर रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई।
परिजन एंबुलेंस से शव गांव ले गए, जहां गुरुवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। बैहर और बिरसा के आदिवासी बैगा क्षेत्रों में मलेरिया, खसरा और कुपोषण समेत अन्य बीमारियों से अब तक 34 बच्चों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं, कांग्रेस विधायक संजय उइके 43 बच्चों की मौत का दावा कर चुके हैं। राहुल गांधी गुरुवार को प्रभावित गांव जगला पहुंचकर मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
#Balaghat #Baiga #Malaria #HealthCrisis #RahulGandhi