
पंचकूला पुलिस ने 48 लाख की साइबर ठगी में शामिल दूसरे आरोपी को उत्तर प्रदेश से किया गिरफ्तार, खाते में मिले 10 लाख रुपये, आरोपी 7 दिन के पुलिस रिमांड पर
स्टॉक मार्केट से जुड़े एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ज्यादा मुनाफे का लालच देकर करवाई थी नकली ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड
पंचकूला/ 23 जून:- पंचकूला पुलिस की साइबर क्राइम थाना टीम ने 48.28 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम मोहम्मद इकबाल आरिफ व उम्र 36 वर्ष है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर का रहने वाला है और हाल ही में सूरत (गुजरात) में रह रहा था। जांच में सामने आया है कि ठगी गई रकम में से 10 लाख सीधे आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के अनुसार पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता को जालसाजों ने उनकी मर्जी के बिना स्टॉक मार्केट से जुड़े एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया था। ग्रुप के एडमिन ने उन्हें ज्यादा मुनाफे का लालच देकर एक नकली ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाई। पीड़ित ने भरोसा करके अलग-अलग तारीखों में कुल 48,28,000 निवेश कर दिए। जब उन्होंने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। शक होने पर पीड़ित ने अगस्त 2025 में साइबर थाने में मामला दर्ज कराया था। मामलें की जांच एएसआई बृजेश कुमार द्वारा की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि इस केस में पहला आरोपी प्रिंस कुनाल निवासी बिहार पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, जिसने पैसे के लालच में अपना बैंक खाता ठगों को दिया था। अब हमारी टीम ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से दूसरे आरोपी मोहम्मद इकबाल आरिफ को दबोचा है। इस गिरोह के अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी और शिकायतकर्ता के पैसे बरामद करने के लिए आरोपी को 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर हरियाणा से बाहर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Uklana, Hissar | Jun 23, 2026