
मंईयां सम्मान योजना के पैसों से खरीदा मोबाइल, फिर घर में मचा विवाद; तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी
गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के मोहानी गांव में मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है, जो सुनील साह की पत्नी थी। प्रियंका तीन छोटे बच्चों की मां थी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका और उसके पति के बीच मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर विवाद चल रहा था। मृतका के पिता बिट्टू साव का आरोप है कि योजना से मिली राशि से उसके दामाद सुनील साह ने मोबाइल खरीद लिया था। इसी बात को लेकर बुधवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
घटना के बाद मृतका के पिता ने पति सुनील साह और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि दोनों ने मिलकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की और बाद में उसे फंदे से लटका दिया। हालांकि, पुलिस इस मामले में आत्महत्या और हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही महागामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही प्रियंका की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
#jharkhand #BreakingNews
Chinia, Garhwa | Nov 13, 2026