गढ़वा में बकरी चोरी के आरोप में तीन संदिग्धों को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
डंडई बाजार में जमकर हुआ हंगामा, हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
डंडई। डंडई साप्ताहिक हाट बाजार में बुधवार को बकरी चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने तीन लोगों को पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ और आक्रोशित ग्रामीणों ने तीनों के साथ हाथापाई करते हुए हल्की पिटाई भी कर दी। बाद में ग्रामीणों ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति कथित रूप से चोरी की बकरी बेचने के लिए हाट बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने बकरी की पहचान कर ली और चोरी का संदेह जताते हुए तीनों को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस संबंध में डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि दो-तीन व्यक्तियों को थाने लाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Chinia, Garhwa | Nov 12, 2026