सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोयदा खुटेनपारा में शराब के नशे में रोज-रोज होने वाले विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बीती रात मामूली कहासुनी के बाद आवेश में आकर 48 वर्षीय घूरसाय ने पड़ोस में रहने वाले 40 वर्षीय दोन्दू राम की टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ वार कर नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक का रक्तरंजित शव घर के बाहर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही हरकत में आई लखनपुर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और त्वरित घेराबंदी करते हुए संदेही घूरसाय को चंद घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक आए दिन शराब पीकर गाली-गलौज करता था, जिससे तंग आकर उसने यह खूनी कदम उठाया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
#Ambikapur #Surguja #CrimeNews #ChhattisgarhNews #SurgujaPolice #BreakingNews #FatafatNews