
*छोटू हत्याकांड: पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा दे सरकार, दोषियों को शीघ्र मिले फांसी जैसी कड़ी सजा : पप्पू यादव*
*बंगराहा पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मिले सांसद, स्पीडी ट्रायल, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की उठाई मांग*
जनप्रवाद समस्तीपुर। जिले के चर्चित इशांत कुमार उर्फ छोटू हत्याकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार को पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव विद्यापतिनगर प्रखंड के बंगराहा पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक छात्र इशांत उर्फ छोटू के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस जघन्य हत्याकांड में पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगे।
सांसद पप्पू यादव ने मृतक के पिता रामप्रीत राय सहित अन्य परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिजनों की समस्याएं सुनीं और कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि एक मासूम छात्र की जिस बर्बरता से हत्या की गई, वह सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ने बिहार सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता से परिवार का दुख कम नहीं होगा, लेकिन सरकार का यह दायित्व है कि वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी दिखाई दे।
पप्पू यादव ने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और इस पूरे मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के तहत कराकर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों को कानून के तहत ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार का जघन्य अपराध करने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा, "अपराधी कितना भी प्रभावशाली, रसूखदार या ताकतवर क्यों न हो, वह कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। यदि प्रशासन पूरी ईमानदारी से कार्रवाई करे तो अपराधियों को जल्द सजा मिल सकती है।"
सांसद ने कहा कि वे किसी भी सत्ता या सरकार से डरने वाले नहीं हैं। समाज के गरीब, कमजोर और पीड़ित लोगों की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है और इसके लिए वे सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाए, लेकिन जो भी दोषी है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करने की अपील करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों को बचाने की कोशिश हुई तो वे इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि 10 जून की शाम 14 वर्षीय छात्र इशांत कुमार उर्फ छोटू गांव के कुछ लोगों के बुलाने पर घर से निकला था, जिसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर मृतक के पिता रामप्रीत राय ने विद्यापतिनगर थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था, जिसमें पांच लोगों को नामजद किया गया था।
मामले की जांच के दौरान आत्मसमर्पण कर चुके आरोपी नंद कुमार सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने एक खेत में लगभग 12 फीट गहरी खुदाई कर छोटू का शव बरामद किया था। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। इस घटना ने न केवल समस्तीपुर बल्कि पूरे बिहार का ध्यान अपनी ओर खींचा और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
सांसद के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं समर्थक भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
Rajauli, Nawada | Jul 15, 2026