
सासाराम के आशीष कुमार बने DSP, 70वीं BPSC में हासिल की 469वीं रैंक
सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम शहर के खिलनगंज निवासी काशी प्रसाद के पुत्र आशीष कुमार ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 469वीं रैंक प्राप्त कर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
आशीष कुमार वर्तमान में सीतामढ़ी जिले के पिपरी में निबंधन पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बीपीएससी की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
उनकी उपलब्धि को लेकर सासाराम एवं आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि आशीष की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देगी।
आशीष कुमार की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे रोहतास जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि निरंतर प्रयास और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।