
आचार्य तुलसी ने अणुव्रत के जरिए दिया संप्रदायमुक्त धर्म का संदेश
113वें जन्मदिवस पर दक्षिण मुंबई में अणुव्रत दिवस समारोह आयोजित, साध्वियों ने उनके जीवन और मानवीय मूल्यों पर डाला प्रकाश
दक्षिण मुंबई:महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी में गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी का 113वां जन्मदिवस अणुव्रत दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन एवं श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, दक्षिण मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम आचार्य श्री महाश्रमणजी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी सहित पांच साध्वियों के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल के मंगलाचरण से हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उपस्थित होकर आचार्य श्री तुलसी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके जीवन एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया।
इस अवसर पर शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी पुरुषार्थ के प्रतीक थे। उन्होंने अनेक संघर्षों के बीच समाज में नई चेतना जगाई और अपने संकल्पों को दृढ़ता के साथ धरातल पर उतारा। उनके कार्य इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठों में दर्ज हैं। उन्होंने लंबी और श्रमसाध्य यात्राएं कर अणुव्रत के माध्यम से संप्रदायमुक्त धर्म की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाया। गरीब की झोपड़ी से लेकर राष्ट्रपति भवन तक मानवीय संस्कारों और नैतिक मूल्यों का संदेश पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी का संपूर्ण जीवन निरंतर गतिशीलता और समाज को नई दिशा देने का उदाहरण रहा। मनुष्य सामाजिक जीवन जीता है, इसलिए उसमें सापेक्षता, समन्वय, सहिष्णुता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व जैसे गुणों का होना जरूरी है। इन मूल्यों के माध्यम से ही व्यक्ति अपने जीवन और व्रत की चेतना को सुरक्षित रख सकता है। उन्होंने कहा कि अणुव्रत के छोटे-छोटे संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाना ही अणुव्रत दिवस की वास्तविक सार्थकता है। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में साध्वीश्री उदितप्रभाजी, साध्वीश्री निर्भयप्रभाजी एवं साध्वीश्री चेलनाश्रीजी ने भी अपने विचार रखे। वहीं आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, दक्षिण मुंबई सभा के उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़, अर्जुन सोलंकी, अर्जुन कच्छारा, मीना सुराणा, महिला मंडल की उपाध्यक्षा पुष्पा कच्छारा एवं अशोकजी बरलोटा ने भी आचार्य श्री तुलसी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में वक्ताओं ने आचार्य श्री तुलसी के अणुव्रत दर्शन, सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की जानकारी सभा मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ एवं तेयुप उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।