
छिंदवाड़ा में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन 24 जून को
======================================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय छिन्दवाड़ा एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था छिंदवाड़ा द्वारा संयुक्त रूप से युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था छिंदवाड़ा में 24 जून 2026 बुधवार को प्रात: 11 से शाम 4 बजे तक किया गया है । रोजगार मेले में 08 कंपनियां उपस्थित रहेंगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन, समग्र आई.डी. (अनिवार्य) एवं संपूर्ण डॉक्यूमेंट/रिज्यूम के साथ निर्धारित तिथि व समय पर संस्था में उपस्थित होकर रोजगार मेले का लाभ ले सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी सुश्री माधुरी भलावी ने बताया कि रोजगार मेले में कृष्णा बेल्ट प्राइवेट लिमिटेड, सतनूर द्वारा ऑपरेटर पद हेतु आईटीआई एवं डिप्लोमा धारकों (आयु 18 से 25 वर्ष) के लिए 13,750 से 14,000 रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया गया है। एमआरएफ टायर्स प्राइवेट लिमिटेड, भरूच (गुजरात) द्वारा मशीन ऑपरेटर पद के लिए 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 18,000 रुपये, स्नातक एवं डिप्लोमा धारकों (पुरुष) को 19,500 रुपये तथा बी.टेक महिला अभ्यर्थियों को 20,500 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
इसी प्रकार अपोलो टायर्स प्राइवेट लिमिटेड, वडोदरा (गुजरात) द्वारा मशीन ऑपरेटर एवं अप्रेन्टिसशिप ट्रेनी पदों के लिए 12वीं, आईटीआई, स्नातक एवं डिप्लोमा धारकों (आयु 18 से 25 वर्ष) को 17,316 से 18,316 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। याजाकी प्राइवेट लिमिटेड, गुजरात द्वारा असेंबली ऑपरेटर पद के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक एवं डिप्लोमा धारकों (आयु 18 से 25 वर्ष) को 20,779 से 31,881 रुपये तक वेतन प्रदान किया जाएगा। बालाजी वेफर्स प्राइवेट लिमिटेड, पीथमपुर द्वारा प्रोडक्शन, क्वालिटी कंट्रोल एवं पैकिंग पदों के लिए आईटीआई योग्यताधारी 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों को 15,800 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। माहले इंजन कंपोनेंट प्राइवेट लिमिटेड, पीथमपुर द्वारा प्रोडक्शन विभाग, सीएनसी एवं वीएमसी मशीन ऑपरेटर पदों हेतु आईटीआई, डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल) तथा बी.टेक धारक 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों को 18,000 से 22,500 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), छिंदवाड़ा द्वारा बीमा सखी पद के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को 7,000 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। वहीं अंबुजा फाउंडेशन प्राइवेट लिमिटेड, छिंदवाड़ा द्वारा इलेक्ट्रीशियन पद के लिए 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई योग्यताधारी 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थियों को 10,000 से 15,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh