तामिया के पर्यटन ग्राम मोयापानी में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
आयुष विभाग की सक्रियता से संपन्न हुआ कार्यक्रम
==========================================================
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के विकासखंड तामिया के पर्यटन ग्राम धूसावानी (मोयापानी) में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास विभाग के सहयोग से निर्मित होम स्टे कैम्पस में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ.प्रमिला यावतकर के निर्देशन तथा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी श्रीमती भावना कोलारे एवं डॉ. रेनू सूर्यवंशी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्री सुभाष मिनोटे ने ग्रामीणों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योग, सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योग क्रियाओं में सहभागिता करते हुए योग के महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त की तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत धूसावानी के पूर्व सरपंच श्री बलदेव धुर्वे, सचिव श्री भागीरथ उईके, सहायक सचिव श्री त्रिपाल इरपाची, अधिवक्ता श्री सुनील बट्टी, पर्यटन समिति के अध्यक्ष श्री आकाश सरयम, उपाध्यक्ष श्री मिथिलेश मरकाम, सतपुड़ा सेल्फ रिलायंट के संचालक श्री अजय खोबरे एवं होम स्टे संचालिका सुश्री जयपाली मरकाम सहित 48 लोगों ने सहभागिता करते हुए योग, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
54 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026